Friday, 7 July 2017

मेरी पुकार -

मेरी पुकार
तुम सुन न सके
चले भी गये

-डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर

रुला रहा है -

रुला रहा है
यूँ तुम्हारा खो जाना
बुलाया होता

-डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर

घर दूर है -

घर दूर है
गरजता बादल
घना जंगल

-डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर

डरा रहा है -

डरा रहा है
घुमावदार रास्ता
वर्षा का पानी

-डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर

मेरे गाँव में -

मेरे गाँव में
सन्नाटा पसरा है
कोई तो गया

-डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर

लपेटने को -

लपेटने को
खड़ी थी मेरे आगे
साँप-सी नदी

-डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर

बर्फ जमीं थी -

बर्फ जमीं थी
सदियों के रिश्तों में
पिघल बही

-डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर

दग्ध उर में -

दग्ध उर में
शोर मचा रहे थे
गिले-शिकवे

-डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर

लौट आने को -

लौट आने को
करता मनुहार
अपना गाँव

-डा० सूरजमणि स्टेला कजूर

दर्दे दिलों में -

दर्दे दिलों में
बो गया जाते-जाते
आस के बीज

-डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर

Monday, 19 June 2017

गाँव की बहू

गाँव की बहू
धान कूटती है
जंगल से ईंधन लाती है
खाना पकाती है
कपड़े धोती है
डांगर को चारा डालती है
खेतों में काम करती है
बाजार से सौदा लाती है
मछली पकड़ती है
तेल निकालती है
वह बच्चा जनती है
पालती है
घर की सफाई करती है
तन ढँक कर रखती है
रिश्तों की कद्र करती है
वह जानती है
वह उसका घर है
वह घर की दौलत है
घर की खुशी है।

-सूरजमणि स्टेला कुजूर

परिचय

परिचय


सुखिया की औरत

( दिल्ली के शिक्षा विभाग में उप, शिक्षा निदेशक के पद पर कार्यरत डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर का उराँव लोक साहित्य पर विशेष कार्य है। "उराँव जन-जाति का लोक साहित्य" शीर्षक उनकी पुस्तक चर्चित रही है। डा० कुजूर साधारण जन-जीवन के मध्य से अपनी कविताओं के कथ्य चुनती हैं और उन्हें सीधे-सीधे मुक्त छन्द कविता के रूप में प्रस्तुत करती है। "और फूल खिल उठे" उनकी कविताओं का संग्रह है। प्रस्तुत है उनके इसी संग्रह से "सुखिया की औरत" शीर्षक कविता )


सुखिया की औरत
----------------

सुखिया की औरत
पानी-धूप में
टाँड़ खेत से
लाती है
छीलकर
दूब घास
गिरा नदी में
मार पिछोड़ी
खूब हाथ से
धोती है !
ले बोरी में
रख कर
सिर पर
बगल टोकरी
सब्जी की
देह अर्द्ध नग्न
एक हाथ में तुम्बा
भरा बासी पानी
दो मील का रास्ता
चलकर पहुँची बाजार
सुखिया की औरत।
छाई उदासी
घास बोल-बोल कर
बेचा चार आने के
भाव से
कई बार बेचा है
खरबूज
परवल
करेला
भिण्डी
और मटर
पर
सुखिया की औरत ने
नहीं बेची है
इंसानियत।

-डा० सूरजमणि स्टेला कुजूर